रायपुर। CGBSE 12th Online Class: अनलॉक 2 की नई गाइडलाइन के साथ केंद्र सरकार ने राज्यों में आंशिक रूप से शैक्षणिक गतिविधियों को शुरू करने की अनुमति दे दी है। जारी निर्देश के अनुसार राज्य स्थिति को देखते हुए 9वीं और 12वीं कक्षा की पढ़ाई स्कूलों में शुरू कर सकते हैं। केंद्र ने 21 सितंबर से आंशिक रूप से स्कूल खोले जाने की अनुमति दी है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अभी कोरोना संक्रमण के हालात ठीक नहीं हैं। यहां बीमारी से संक्रमित नए लोग बड़ी संख्या में राेजाना मिल रहे हैं। ऐसे में सरकार स्कूलों को शुरू करने का जाेखिम नहीं लेना चाहती। राज्य में सरकार ने पहल करते हुए 12वीं कक्षा की ऑनलाइन रोजाना क्लास लगाना शुरू कर दिया है। आज 12 बजे से यह कक्षाएं शुरू होंगी। आज चार विषयों की क्लास लगेगी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं के विद्यार्थियों के लिए सात सितंबर ऑनलाइन कक्षा प्रारंभ की है। गुरुवार को अंग्रेजी, इतिहास, जीव विज्ञान, गणित की कक्षाएं हुईं। इसमें प्रदेश के 13 हजार 165 विद्यार्थी शामिल हुए। मंडल के अधिकारियों के अनुसार 11 सितंबर को चार विषयों की कक्षाएं लगेंगी। हिंदी की कक्षा दोपहर 12 बजे से 12ः40 तक, रसायन शास्त्र की कक्षा दोपहर एक बजे से 1ः40 तक, राजनीतिक विज्ञान की कक्षा दोपहर एक बजे से 1ः40 बजे तक और लेखाशास्त्र की कक्षा दोपहर दो बजे से 2ः40 बजे तक संचालित होगी। इस समय सारिणी के अनुसार 12वीं के समस्त विद्यार्थी अपने-अपने घर से ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। मंडल की वेबसाइट www.cgbse.nic.in में ऑनलाइन क्लास पर क्लिक करके विद्यार्थी कक्षा से जुड़ सकते हैं। इस सप्ताह आगामी ऑनलाइन कक्षाओं की समय-सारिणी भी मंडल की इसी वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
आज की क्लास का समय
हिंदी की कक्षा- दोपहर 12 बजे से 12ः40 बजे तक
रसायन शास्त्र की कक्षा- दोपहर एक बजे से 1ः40 बजे तक
राजनीतिक विज्ञान की कक्षा- दोपहर एक बजे से 1ः40 बजे तक
लेखाशास्त्र की कक्षा- दोपहर दो बजे से 2ः40 बजे तक