भोपाल. राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने सीएम हाउस पहुंचे थे। सिंधिया पूरे लाव-लश्कर के साथ यहां आए थे। इसके बाद 3.30 घंटे से ज्यादा समय तक नेताओं के बीच आगामी रणनीति को लेकर मंथन हुआ। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहाष भगत भी शामिल हुए।
शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर प्रदेश भाजपा संगठन की नई कार्यकारिणी और आगामी नगरीय निकाय चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई। जानकारी के मुताबिक सत्ता-संगठन में सिंधिया खेमे के एडजस्टमेंट की पूरी लाइन इस बैठक में तय की गई है।
फिलहाल दो की शपथ
विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आए एक महीना हो गया है। अब मंत्रिमंडल विस्तार होना है। गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट की शपथ भी करवाई जाना है। इसके चलते सिंधिया ने शिवराज से मुलाकात की है। सूत्रों के मुताबिक गोविंद सिंह और तुलसी सिलावट को मंत्री बनाए जाने पर सहमति बन गई है।
निगम-मंडलों में भी सहमति
उपचुनाव में हारने वाले सिंधिया समर्थक तीन मंत्रियों इमरती देवी, एंदल सिंह कंषाना और गिर्राज दंडोतिया का निगम-मंडलों में पुनर्वास करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा सिंधिया कुछ और समर्थकों को निगम-मंडलों में एडजस्ट करना चाहते हैं। इस पर भी बैठक में चर्चा हुई।