रायपुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व कद्दावर मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल (BJP MLA Brijmohan Agrawal ) के एक बयान ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। पूर्व मंत्री अग्रवाल का दावा है कि मध्यप्रदेश और राजस्थान में जो कुछ भी हुआ, वह छत्तीसगढ़ में भी होना तय है। यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि छत्तीसगढ़ की परिस्थिति मध्यप्रदेश और राजस्थान की तुलना में सबसे ज्यादा मजबूत है।
यहां 90 में से कांग्रेस के 69 विधायक हैं। दरअसल, पूर्व मंत्री अग्रवाल का कहना है, कांग्रेस पार्टी रायपुर से लेकर दिल्ली तक घबराई हुई है। कांग्रेस पार्टी में कोई नेतृत्व नहीं है और उनका नियंत्रण समाप्त हो गया है। वो घबराहट का परिणाम है कि प्रदेश में जो निर्णय हो रहे हैं, वह गलत साबित हो रहे हैं। गलत निर्णय के कारण असंतोष बढ़ा है।
मध्यप्रदेश और राजस्थान के घटनाक्रम और असंतोष के ही परिणाम है। अब कांग्रेस को डर लग रहा है। कांग्रेस में तो उपकृत करने का काम होता है। इसमें कांग्रेस के जितने गुट है, उन सबको उपकृत करने का काम किया गया है। इसके बाद भी असंतोष समाप्त नहीं होना है, क्योंकि इसमें किसी गुट के ज्यादा लोगों को उपकृत कर दिया गया है, किसी गुट के कम लोगों को उपकृत कर दिया गया है। बहुत से वरिष्ठ लोग हैं, जिनका नंबर आना चाहिए था। ऐसे वरिष्ठ लोगों का अपमान किया गया है। इससे बहुत अधिक असंतोष पैदा होगा।